गोविंदा और सुनीता आहूजा की शादी में चल रही कथित अनबन के बीच अब उनके बेटे यशवर्धन आहूजा की शादी की खबरों ने भी सोशल मीडिया पर हलचल मचा दी है। हाल ही में एक फर्जी AI वीडियो वायरल हुआ, जिसमें दावा किया गया कि यशवर्धन आहूजा जल्द ही कॉमेडियन जॉनी लीवर की बेटी और एक्ट्रेस जेमी लीवर से शादी करने वाले हैं। वीडियो में दोनों की शादी के AI-generated नकली विजुअल्स भी दिखाए गए, जिसके बाद कई लोगों ने इसे सच मान लिया। अब जेमी लीवर ने खुद इन खबरों पर सफाई दी है। इंस्टाग्राम पर शेयर किए गए वीडियो में जेमी ने बताया कि शुरुआत में वह फर्जी शादी के वीडियो देखकर हंस रही थीं और उन्हें अपने करीबियों के साथ शेयर भी कर रही थीं। लेकिन बाद में जब लगातार कॉल आने लगे, तो मामला गंभीर हो गया। जेमी ने कहा कि ऐसी फर्जी खबरों की वजह से उनके लिए शादी के रिश्ते भी प्रभावित हो रहे हैं। जेमी ने यशवर्धन का नाम लिए बिना बताया कि जिस शख्स के साथ उनकी शादी की अफवाह फैलाई जा रही है, वह उन्हें छोटे भाई जैसा लगता है। उन्होंने यह भी बताया कि दोनों जल्द एक फिल्म में साथ काम करने वाले हैं। बता दें कि जेमी और यशवर्धन के बीच करीब 10 साल का उम्र का अंतर है। दोनों ‘हीरो की हॉररइन’ में साथ नजर आएंगे, जिससे यशवर्धन बॉलीवुड में डेब्यू करेंगे। फिल्म में सुनीता आहूजा भी पहली बार बड़े पर्दे पर नजर आएंगी।