लालबागचा राजा के दरबार में गोविंदा अपनी रूमर्ड गर्लफ्रेंड और को-स्टार कोमल रानी स्वर्णकार के साथ पहुंचे, जिसके बाद आहूजा परिवार एक बार फिर चर्चाओं में आ गया। दोनों की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद गोविंदा और रानी के रूमर्ड लिंकअप की चर्चा तेज हो गई। इसी बीच गोविंदा की बहू कश्मीरा शाह की एक क्रिप्टिक पोस्ट ने सबका ध्यान खींच लिया। कश्मीरा ने इंस्टाग्राम पर एक तस्वीर शेयर करते हुए लिखा कि उन्हें यकीन नहीं हो रहा कि लोग एक ‘मिस्ट्री वुमन’ को इतना ग्लैमराइज कर रहे हैं। उन्होंने घर तोड़ने वालों को बढ़ावा देने और वफादार पत्नियों को छोड़कर कम उम्र की लड़कियों के पीछे भागने वाले पुरुषों को पूजने पर भी सवाल उठाया। कश्मीरा ने किसी का नाम नहीं लिया, लेकिन पोस्ट की टाइमिंग को देखते हुए सोशल मीडिया यूजर्स इसे गोविंदा और कोमल रानी से जोड़ रहे हैं। हालांकि, कश्मीरा ने यह साफ नहीं किया कि उनका इशारा किसकी तरफ था। वहीं, गोविंदा की पत्नी सुनीता आहूजा का एक वीडियो भी वायरल है। लालबागचा राजा के दर्शन के बाद एयरपोर्ट पर उन्होंने कहा कि उन्हें इंसानों से ज्यादा जानवरों पर भरोसा है, क्योंकि इंसानों को कितना भी प्यार दो, वे अक्सर धोखा देते हैं। गोविंदा और कोमल रानी के रिश्ते को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।