हिंदी और साउथ सिनेमा के दमदार अभिनेता और खलनायक प्रदीप रावत अब हमारे बीच नहीं रहे। 4 अगस्त को 74 वर्ष की उम्र में ब्लड कैंसर से उनका निधन हो गया। एक बार कैंसर को मात देने वाले प्रदीप रावत इस बार जिंदगी की जंग हार गए। 5 अगस्त की शाम उनका अंतिम संस्कार किया गया, जिसमें आमिर खान, आशुतोष गोवारिकर समेत फिल्म इंडस्ट्री के कई सितारे नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई देने पहुंचे। इस दौरान उनके बेटे विक्रमादित्य ने मीडिया से बात करते हुए पिता के आखिरी दिनों का दर्द साझा किया। उन्होंने बताया कि करीब दो महीने पहले तक सभी मेडिकल टेस्ट सामान्य थे, लेकिन महज 15 दिन बाद रेयर ब्लड कैंसर की पुष्टि हुई, जिसने पूरे परिवार को तोड़कर रख दिया। विक्रमादित्य ने बताया कि डॉक्टरों ने उन्हें ICU में बुलाया, जहां प्रदीप रावत को CPR दिया जा रहा था। उसी पल उन्हें एहसास हो गया था कि अब उनके पिता को बचा पाना मुश्किल है। उन्होंने कहा कि उनकी मां यह सब देखकर पूरी तरह टूट गई थीं। प्रदीप रावत का एक पुराना इंटरव्यू भी वायरल हो रहा है, जिसमें उन्होंने दिल की बीमारी और कैंसर से अपनी लड़ाई का जिक्र किया था। साल 2016 में उनकी बाईपास सर्जरी हुई थी, जबकि 2018 में स्टेज-4 कैंसर का सामना करने के बावजूद उन्होंने वापसी की थी। लेकिन डेढ़ महीने पहले कैंसर दोबारा लौट आया और इस बार वह जिंदगी की जंग नहीं जीत सके।