टीवी एक्टर गौरव खन्ना एक बार फिर सुर्खियों में हैं। जहां उनकी पत्नी आकांक्षा चमोला इन दिनों रियलिटी शो 'लॉक अप सीजन 2' में अपने बयानों और गेम प्लान को लेकर चर्चा में हैं, वहीं अब गौरव का नाम भी एक नए विवाद में सामने आया है। दरअसल, 'खतरों के खिलाड़ी 15' की कंटेस्टेंट और टीवी एक्ट्रेस शगुन शर्मा ने गौरव खन्ना पर शो के दौरान उन्हें बुली करने का आरोप लगाया है। हाल ही में सभी कंटेस्टेंट्स ने साउथ अफ्रीका के केप टाउन में शो की शूटिंग पूरी की है, लेकिन प्रसारण से पहले ही यह विवाद चर्चा का विषय बन गया है। एक इंटरव्यू में शगुन शर्मा ने दावा किया कि गौरव खन्ना वह इंसान हैं, जिनसे वह दोबारा कभी नहीं मिलना चाहेंगी। उनके मुताबिक, शो के दौरान गौरव उन्हें बार-बार कमजोर बताते थे और अक्सर उन्हें नीचा दिखाने की कोशिश करते थे। शगुन ने कहा कि अगर किसी टास्क में कई लोग शामिल होते थे और कुछ लोग बीच में छोड़ देते थे, तो गौरव सबसे ज्यादा उन्हें ही निशाना बनाते थे और कहते थे कि वह कमजोर हैं। हालांकि, शगुन ने यह भी कहा कि किसी रियलिटी शो का माहौल अलग होता है और जरूरी नहीं कि कोई व्यक्ति असल जिंदगी में भी वैसा ही हो जैसा शो के दौरान नजर आता है। वहीं, शगुन के इन आरोपों के बाद सोशल मीडिया पर मिली-जुली प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है। जहां कुछ लोग उनका समर्थन कर रहे हैं, वहीं बड़ी संख्या में यूजर्स गौरव खन्ना के बचाव में उतर आए हैं। फिलहाल गौरव खन्ना की ओर से इन आरोपों पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।