टीवी अभिनेता गौरव खन्ना और आकांक्षा चमोला इन दिनों अपने रिश्ते को लेकर लगातार सुर्खियों में हैं। Lock Upp 2 के पहले एपिसोड में आकांक्षा ने अपनी शादी और तलाक को लेकर कई चौंकाने वाले खुलासे किए थे। उन्होंने दावा किया था कि वह और गौरव लंबे समय से अलग रह रहे थे और सिर्फ एक खुशहाल कपल होने का दिखावा कर रहे थे। इसके बाद से दोनों की निजी जिंदगी चर्चा का विषय बनी हुई है। इसी बीच सोशल मीडिया पर यह खबर तेजी से वायरल होने लगी कि गौरव खन्ना ने मुंबई छोड़ दिया है। कई रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि अभिनेता अब मायानगरी छोड़कर किसी दूसरे शहर में शिफ्ट हो गए हैं। हालांकि, इस खबर के पीछे की सच्चाई कुछ और है। दरअसल, गौरव खन्ना ने अपने हालिया व्लॉग में बताया कि वह कानपुर स्थित अपने नए घर में शिफ्ट हो चुके हैं। व्लॉग में उन्होंने अपने नए घर की झलक भी दिखाई, जहां वह काफी खुश और उत्साहित नजर आए। वीडियो में उन्होंने अपने नए आशियाने का हाउस टूर भी कराया। गौर करने वाली बात यह है कि गौरव का यह व्लॉग Lock Upp 2 में आकांक्षा चमोला के तलाक वाले खुलासे से करीब 19 दिन पहले सामने आया था। यानी कानपुर शिफ्ट होने का फैसला पहले ही लिया जा चुका था। ऐसे में यह कहना सही नहीं होगा कि गौरव खन्ना ने आकांक्षा के बयानों या दोनों के रिश्ते में आई दूरी की वजह से मुंबई छोड़ा। फिलहाल, अभिनेता ने अपने नए घर और नई शुरुआत पर ध्यान केंद्रित किया है, जबकि आकांक्षा के खुलासों पर उन्होंने अब तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी है।