टीवी इंडस्ट्री के सबसे पसंदीदा कपल्स में शुमार गौरव खन्ना और आकांक्षा चमोला की शादी टूटने की खबर ने फैंस को बड़ा झटका दिया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, शादी के करीब 10 साल बाद दोनों ने आपसी सहमति से अलग होने का फैसला लिया है। इस बात का खुलासा खुद आकांक्षा चमोला ने रियलिटी शो लॉक अप सीजन 2 के दौरान किया। उन्होंने बताया कि वह और गौरव पिछले एक साल से अलग रह रहे हैं और अब उनका तलाक होने वाला है। आकांक्षा ने साफ किया कि उनके बीच किसी तरह की कड़वाहट या विवाद नहीं है। उन्होंने कहा कि दोनों का भविष्य को लेकर नजरिया अलग है, इसलिए उन्होंने सम्मानपूर्वक अपने रास्ते अलग करने का फैसला लिया। आकांक्षा ने यह भी बताया कि यह फैसला उस दौरान लिया गया था जब गौरव बिग बॉस 19 में थे। दोनों के परिवारों को उम्मीद थी कि कुछ समय की दूरी रिश्ते को संभाल सकती है, लेकिन ऐसा नहीं हो सका। गौरव और आकांक्षा ने 2016 में शादी की थी। हालांकि, तलाक की असली वजह पर दोनों की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।