बॉलीवुड एक्ट्रेस नेहा शर्मा इन दिनों सोशल मीडिया पर अपनी फूड और ट्रैवल पोस्ट्स को लेकर चर्चा में हैं। लगातार सामने आ रहे उनके वीडियो और तस्वीरों को देखकर कई लोगों ने कयास लगाने शुरू कर दिए कि उन्होंने एक्टिंग छोड़ दी है और अब फुल-टाइम फूड व्लॉगर बन गई हैं। हालांकि अब खुद नेहा ने इन अफवाहों पर मजेदार अंदाज में जवाब दिया है। दरअसल, नेहा इन दिनों अमेरिका के शिकागो में छुट्टियां मना रही हैं। हाल ही में उन्होंने वहां से एक नया वीडियो शेयर किया, जिसमें वह शहर की खूबसूरत गलियों में घूमती, स्थानीय माहौल का आनंद लेती और अलग-अलग व्यंजनों का स्वाद चखती नजर आईं। वीडियो से ज्यादा उसके कैप्शन ने लोगों का ध्यान खींचा। नेहा ने मजाकिया अंदाज में लिखा, “उन सभी लोगों के लिए जिन्हें लगता है कि मैंने एक्टिंग छोड़कर फूड व्लॉगर बनने का फैसला कर लिया है... तो लीजिए, एक और झलक। बोन एपेतीत!” उनका यह पोस्ट देखते ही सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। फैंस ने उनके ट्रैवल और फूड कंटेंट की जमकर तारीफ की। हालांकि कुछ लोगों का मानना है कि नेहा धीरे-धीरे कंटेंट क्रिएशन और लाइफस्टाइल व्लॉगिंग की ओर बढ़ रही हैं। लेकिन उनका हालिया पोस्ट साफ दिखाता है कि वह इन चर्चाओं को हल्के-फुल्के अंदाज में ले रही हैं और फिलहाल अपनी छुट्टियों का आनंद उठा रही हैं। बता दें कि इससे पहले नेहा अपने इंस्टाग्राम सब्सक्रिप्शन मॉडल को लेकर भी चर्चा में थीं, जहां फैंस मासिक शुल्क देकर उनका एक्सक्लूसिव कंटेंट देख सकते हैं। इस फैसले ने सोशल मीडिया पर मिली-जुली प्रतिक्रियाएं बटोरी थीं।