साउथ सिनेमा के स्टार कपल सूर्या और ज्योतिका ने अपनी शादी की 20वीं सालगिरह को बेहद खास अंदाज में सेलिब्रेट किया। दोनों ने इस खास मौके पर परिवार और करीबी दोस्तों की मौजूदगी में एक बार फिर शादी की रस्में निभाईं। इस बार कपल ने साउथ इंडियन वेडिंग के बजाय क्रिश्चियन वेडिंग की, जिसकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं। सामने आई तस्वीरों में ज्योतिका सफेद रंग के खूबसूरत ब्राइडल गाउन में नजर आ रही हैं, जबकि सूर्या भी दूल्हे के अंदाज में बेहद स्मार्ट दिखाई दे रहे हैं। चर्च में ज्योतिका की अपने बेटे के साथ एंट्री के दौरान सूर्या भावुक हो गए और उनकी आंखों में आंसू नजर आए। इस खास पल ने फैंस का ध्यान खींच लिया। वेडिंग सेलिब्रेशन में उनके बच्चे भी मौजूद रहे। तस्वीरों में परिवार और दोस्त कपल पर फूल बरसाते और दोनों को बधाई देते नजर आए। ज्योतिका ने इस खास मौके को ‘द सीक्वल’ नाम दिया। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट में बताया कि 20 साल का रिश्ता सिर्फ प्यार नहीं, बल्कि समझौते, तालमेल, समझदारी और त्याग से मजबूत हुआ है। उन्होंने सूर्या को अपना जीवनसाथी होने के साथ-साथ सबसे अच्छा दोस्त भी बताया। बता दें कि सूर्या और ज्योतिका की मुलाकात 1999 में फिल्म ‘पूवेल्लम केट्टुप्पार’ के दौरान हुई थी। दोनों ने 11 सितंबर 2006 को चेन्नई में शादी की। उनकी बेटी दिया का जन्म 2007 में और बेटे देव का जन्म 2010 में हुआ।