साउथ कोरिया की दिग्गज सिंगर ओक-ही (असली नाम किम ग्वांग-सुक) का 73 वर्ष की उम्र में निधन हो गया है। उनके निधन की खबर से संगीत जगत और फैंस के बीच शोक की लहर दौड़ गई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, वह पिछले कुछ समय से किडनी कैंसर से जूझ रही थीं और 20 जून 2026 को उन्होंने अंतिम सांस ली। बताया जा रहा है कि ओक-ही ने ग्योंगगी प्रांत के सुवोन स्थित एक हॉस्पिस में दुनिया को अलविदा कहा। उनके अंतिम समय में उनके पति, पूर्व बॉक्सिंग चैंपियन होंग सू-ह्वान, साथ ही बेटा और बेटी मौजूद थे। ओक-ही की करीबी दोस्त और सिंगर जांग मी-ह्वा ने उनके आखिरी पलों को याद करते हुए भावुक बातें साझा कीं। उन्होंने बताया कि निधन से एक दिन पहले ओक-ही की बेटी ने उन्हें फोन कर बताया था कि उनकी मां की हालत बेहद गंभीर है और वह उनसे मिलना चाहती हैं। इसके बाद जांग तुरंत उनसे मिलने पहुंचीं। दोनों ने साथ बैठकर पुराने गाने सुने और बीते दिनों की यादें ताजा कीं। जांग के मुताबिक, कुछ समय के लिए ओक-ही की तबीयत बेहतर भी लगी थी, लेकिन किसी को अंदाजा नहीं था कि अगले ही दिन वह हमेशा के लिए विदा हो जाएंगी। ओक-ही 1970 के दशक में साउथ कोरिया के लोकप्रिय गर्ल ग्रुप ‘Seoul Sisters’ की लीडर थीं। बाद में उन्होंने सफल सोलो करियर भी बनाया। “I Don’t Know”, “Speak With Your Eyes”, “Where Could You Be” और “Train of Life” जैसे उनके कई गाने आज भी याद किए जाते हैं। उनकी आवाज और संगीत हमेशा फैंस के दिलों में जिंदा रहेगा।

---विज्ञापन---