बॉलीवुड म्यूजिक लवर्स के लिए एक बार फिर चौंकाने वाली खबर सामने आई है। मशहूर सिंगर और म्यूजिक कंपोजर अमाल मलिक ने फिल्मी म्यूजिक से एक साल का ब्रेक लेने का ऐलान किया है। अपने गानों से खास पहचान बनाने वाले अमाल ने सोशल मीडिया पर एक लंबी पोस्ट शेयर कर बताया कि वह इस समय अपने मन, शरीर, आत्मा और शारीरिक सेहत पर ध्यान देना चाहते हैं। उन्होंने साफ किया कि वह बिल्कुल ठीक हैं, लेकिन खुद को संभालने और बेहतर महसूस करने के लिए उन्हें इस ब्रेक की जरूरत है। अमाल ने बताया कि अगले साल तक उनकी तरफ से कोई नया फिल्मी म्यूजिक रिलीज नहीं होगा। हालांकि, उनके कुछ पुराने रिकॉर्ड किए हुए गाने आने वाले समय में रिलीज हो सकते हैं। इनमें कुछ छोटे बजट की फिल्में भी शामिल हैं, लेकिन इन फिल्मों को स्क्रीन मिलेगी या नहीं, इसकी फिलहाल कोई गारंटी नहीं है। अपनी पोस्ट के आखिर में अमाल ने लिखा, 'अब मुझे विदा करो, मैं वापस आऊंगा।' उनकी इस बात ने फैंस को इमोशनल कर दिया। इसी बीच अमाल ने अस्पताल के बेड से अपनी एक तस्वीर भी शेयर की, जिसके बाद फैंस उनकी सेहत को लेकर चिंतित हो गए। हालांकि, उन्होंने अपनी बीमारी या अस्पताल में भर्ती होने की वजह का खुलासा नहीं किया है। अमाल का यह फैसला ऐसे समय में आया है, जब इसी साल अरिजीत सिंह भी प्लेबैक सिंगिंग से संन्यास का ऐलान कर चुके हैं। वर्कफ्रंट की बात करें तो अमाल हाल ही में 'आवारापन 2' के गाने 'ये आवारापन' को कंपोज करने को लेकर चर्चा में रहे हैं, जिसे अरिजीत सिंह ने गाया है। इसके अलावा 'बिग बॉस 19' में नजर आने के बाद भी उन्होंने खूब सुर्खियां बटोरी थीं।