म्यूजिक इंडस्ट्री से एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है। हरियाणवी सिंगर दिलेर खरकिया की रेंज रोवर कार पर भिवानी में फायरिंग की गई। बताया जा रहा है कि गुरुवार रात करीब साढ़े 10 बजे एक बाइक सवार युवक उनके घर के बाहर पहुंचा और वहां खड़ी रेंज रोवर को निशाना बनाकर कई गोलियां चला दीं। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। राहत की बात यह रही कि फायरिंग के वक्त दिलेर खरकिया अपनी गाड़ी में मौजूद नहीं थे, जिसकी वजह से वह इस हमले में बाल-बाल बच गए। पुलिस फिलहाल हमलावर की तलाश कर रही है और घटनास्थल से सबूत जुटाए जा रहे हैं। इस मामले में सोशल मीडिया पर एक पोस्ट भी सामने आई, जिसमें अनिल पंडित के नाम से हमले की कथित जिम्मेदारी ली गई। पोस्ट में दावा किया गया कि दिलेर खरकिया फोन कॉल का जवाब नहीं दे रहे थे और उन्हें धमकी दी गई कि अगली बार गोली गाड़ी पर नहीं, बल्कि छाती पर चलाई जाएगी। पोस्ट में हिमांशु सोनीपत, हरि बॉक्सर और हरमन संधू समेत कुछ अन्य नामों का भी जिक्र किया गया है। हालांकि, सोशल मीडिया पर सामने आई इस पोस्ट की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। पुलिस जांच के बाद ही हमले की असली वजह और इसमें शामिल लोगों की जानकारी सामने आ सकेगी। दिलेर खरकिया हरियाणवी म्यूजिक इंडस्ट्री का जाना-पहचाना नाम हैं। उनका जन्म 8 अगस्त 1997 को भिवानी के खरक कलां गांव में हुआ था। उन्होंने 2018 में म्यूजिक इंडस्ट्री में कदम रखा और अपनी पहचान बनाई।