भोजपुरी फिल्मों के मशहूर एक्टर और सिंगर पवन सिंह की मुश्किलें एक बार फिर बढ़ गई हैं। पत्नी ज्योति सिंह के साथ चल रहे कानूनी मामले में उत्तर प्रदेश के बलिया की फैमिली कोर्ट ने पवन सिंह पर तीन हजार रुपये का जुर्माना लगाया है। दरअसल, यह मामला ज्योति सिंह की ओर से दायर भरण-पोषण यानी मेंटेनेंस याचिका से जुड़ा है। सुनवाई की तय तारीख पर अदालत में पेश नहीं होने के कारण पवन सिंह पर यह जुर्माना लगाया गया। साथ ही कोर्ट ने उन्हें अगली सुनवाई पर मौजूद रहने का निर्देश दिया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, सुनवाई के दौरान पवन सिंह के वकील ने उनकी मां प्रतिमा देवी की तबीयत खराब होने का हवाला दिया। इस संबंध में अदालत में मेडिकल सर्टिफिकेट भी पेश किया गया। इसके अलावा, मामले में बीच-बचाव कराने की मांग वाली अर्जी भी दी गई। वहीं, ज्योति सिंह अपने वकील के साथ अदालत में मौजूद थीं। उन्होंने आरोप लगाया कि पवन सिंह न्यायिक प्रक्रिया का मजाक बना रहे हैं और मामले में देरी हो रही है। बता दें कि पवन सिंह और ज्योति सिंह की शादी 6 मार्च 2018 को हुई थी। इसके बाद 22 अप्रैल 2022 को ज्योति ने बलिया फैमिली कोर्ट में भरण-पोषण की याचिका दायर की थी। उन्होंने हर महीने पांच लाख रुपये देने की मांग की है। हालांकि, इस मांग पर अदालत का अंतिम फैसला अभी नहीं आया है और मामला लंबित है।