भोजपुरी एक्ट्रेस प्रियंका पंडित इन दिनों अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर चर्चा में हैं। फिल्मों से दूरी बनाने के बाद प्रियंका ने कृष्ण भक्ति का रास्ता चुना और अब उन्होंने अपनी जिंदगी से जुड़ी एक बड़ी खुशखबरी फैंस के साथ शेयर की है। एक्ट्रेस ने सोशल मीडिया पर पति के साथ तस्वीर शेयर करते हुए अपनी प्रेग्नेंसी अनाउंस की है। तस्वीर में प्रियंका पति के कंधे पर सिर रखे नजर आ रही हैं। वहीं, फोटो में बेबी सॉक्स और पॉजिटिव प्रेग्नेंसी टेस्ट किट भी दिखाई दे रही है। पोस्ट के जरिए एक्ट्रेस ने बताया कि उनके घर जल्द ही नन्हा मेहमान आने वाला है। उन्होंने लिखा कि राधा रानी और ठाकुर जी के आशीर्वाद से वह अपनी जिंदगी के सबसे खूबसूरत दौर में कदम रख रही हैं। प्रियंका की इस पोस्ट के बाद फैंस उन्हें जमकर बधाइयां दे रहे हैं। बता दें कि प्रियंका पंडित भोजपुरी इंडस्ट्री की जानी-मानी एक्ट्रेस हैं और उन्होंने 50 से ज्यादा फिल्मों में काम किया है। वह खेसारी लाल यादव, पवन सिंह और रितेश पांडे जैसे सितारों के साथ नजर आ चुकी हैं। करियर के दौरान एक कथित MMS विवाद के बाद उन्होंने वीडियो को फेक बताया था। इसके बाद प्रियंका ने फिल्मों से दूरी बनाकर कृष्ण भक्ति पर ध्यान देना शुरू किया और वृंदावन में रहने लगीं। उनकी शादी को लेकर भी खबरें सामने आई थीं। बताया गया कि उन्होंने प्रेमानंद महाराज के हरि सेवक से शादी की है, हालांकि उन्होंने पति का चेहरा सार्वजनिक नहीं किया है।