गणपति उत्सव के जश्न के बीच टीवी एक्ट्रेस सुरभि चंदना के घर अचानक ऐसी परेशानी आ गई, जिससे कुछ देर के लिए पूरे परिवार की चिंता बढ़ गई। दरअसल, सुरभि ने हाल ही में सोशल मीडिया पर गणेश चतुर्थी सेलिब्रेशन की तस्वीरें शेयर करते हुए इस घटना का जिक्र किया। एक्ट्रेस ने बताया कि तीन साल में पहली बार गणपति उत्सव के दौरान उनके घर ऐसी स्थिति बनी। भोग और मेहमानों के खाने की तैयारी लगभग पूरी होने वाली थी, तभी अचानक गैस हॉब ने काम करना बंद कर दिया। इसी दौरान परिवार को गैस लीकेज का भी पता चला। ऐसे में सभी को लगा कि शायद समय पर बप्पा का भोग तैयार नहीं हो पाएगा और मेहमानों के लिए खाना भी नहीं बन पाएगा। हालांकि, मुश्किल वक्त में पूरा परिवार एक साथ आया और स्थिति को संभालने की कोशिश की। आखिरकार परेशानी दूर हुई और समय पर बप्पा को भोग लगाया गया। मेहमानों को भी खाना परोसा गया। इस पूरे अनुभव को सुरभि ने किसी चमत्कार से कम नहीं बताया। उन्होंने कहा कि शायद इसी वजह से गणपति को विघ्नहर्ता कहा जाता है। सुरभि ने अपने पोस्ट में बप्पा का शुक्रिया अदा करते हुए लिखा कि इस मुश्किल घड़ी में परिवार के साथ और बप्पा की कृपा से सब कुछ समय पर हो सका।