एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में रिश्तों का टूटना कोई नई बात नहीं है, लेकिन तलाक के बाद भी कई बार इसका दर्द लंबे समय तक बना रहता है। कुछ ऐसा ही दर्द इन दिनों सोशल मीडिया की पॉपुलर एक्ट्रेस और कंटेंट क्रिएटर कुशा कपिला के एक्स हसबैंड जोरावर सिंह अहलूवालिया ने बयां किया है। उन्होंने हाल ही में सोशल मीडिया पर एक इमोशनल वीडियो शेयर किया, जिसमें अपनी जिंदगी के मुश्किल दौर, टूटी शादी, करियर में आए उतार-चढ़ाव और मेंटल हेल्थ को लेकर खुलकर बात की। जोरावर ने अपने वीडियो के कैप्शन में 'हेलो लूजर्स' लिखा। उन्होंने बताया कि पिछले कुछ समय से वह सोशल मीडिया से दूर थे, क्योंकि मानसिक रूप से अच्छा महसूस नहीं कर रहे थे। इस दौरान उन्हें बिजनेस के कुछ मौके भी मिले, लेकिन कैमरे के सामने आने का मन नहीं था और वह लो प्रोफाइल रहना चाहते थे। वीडियो में जोरावर ने खुद को लूजर बताते हुए कहा कि पिछले कुछ सालों में उन्होंने वह सबकुछ खो दिया, जिसकी उन्हें दिल से परवाह थी। उन्होंने बताया कि वह अपनी शादी नहीं बचा पाए, उनकी कॉर्पोरेट नौकरी चली गई और वह घर भी उनके पास नहीं रहा, जिसे उन्होंने अपने लिए बनाया था। इतना ही नहीं, उन्होंने अपना आत्मसम्मान और खुद के बारे में अच्छा महसूस करने का एहसास भी खो दिया।