टीवी इंडस्ट्री से एक दुखद खबर सामने आई है। टीवी शो 'डॉ. आरंभी' से जुड़े 51 वर्षीय जूनियर आर्टिस्ट संजीब सिंह का कथित हार्ट अटैक से निधन हो गया। उनकी अचानक हुई मौत से मनोरंजन जगत और उनके चाहने वालों में शोक की लहर दौड़ गई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, संजीब सिंह ने दोपहर करीब 2 बजे शो की शूटिंग शुरू की थी, जो देर रात लगभग 3 बजे तक चली। शूटिंग के दौरान उन्होंने तबीयत ठीक न होने और बेचैनी महसूस होने की शिकायत भी की थी। बीच-बीच में उन्होंने आराम किया, लेकिन काम पूरा करने के बाद ही सेट से निकले। बताया जा रहा है कि शूटिंग खत्म होने के बाद घर लौटते समय वह एक पेट्रोल पंप पर रुके, जहां अचानक गिर पड़े। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके। शुरुआती जानकारी के अनुसार, उनकी मौत की वजह हार्ट अटैक मानी जा रही है। अंतिम पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही होगी। संजीब सिंह के निधन के बाद फिल्म एंड टेलीविजन इंडस्ट्री में लंबे वर्किंग आवर्स और कलाकारों की सेहत को लेकर एक बार फिर बहस शुरू हो गई है। FWICE ने भी उनके परिवार के लिए आर्थिक सहायता की मांग उठाई है। संजीब सिंह टीवी इंडस्ट्री में लंबे समय से सक्रिय थे और कई प्रोजेक्ट्स का हिस्सा रह चुके थे। उनके असमय निधन से साथी कलाकार और फैंस उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दे रहे हैं।

---विज्ञापन---