एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में इस वक्त शोक की लहर है। मशहूर टीवी प्रोड्यूसर और डायरेक्टर बी.पी. सिंह का 77 साल की उम्र में निधन हो गया। 28 अक्टूबर को मुंबई के ओशिवारा श्मशान घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया गया, जहां CID की पूरी टीम अपने गुरु को आखिरी विदाई देने पहुंची। दरअसल, बी.पी. सिंह का निधन हार्ट अटैक के कारण हुआ। उनके जाने की खबर से टीवी इंडस्ट्री में शोक छा गया। अंतिम संस्कार के दौरान CID के कई कलाकार और उनके करीबी उन्हें श्रद्धांजलि देने पहुंचे। इस दौरान सबसे भावुक पल तब देखने को मिला, जब शो में दया का किरदार निभाने वाले दयानंद शेट्टी ने उनकी अर्थी को कंधा दिया। वहीं, एसीपी प्रद्युमन के किरदार से मशहूर शिवाजी साटम ने फूलों की माला पहनाकर अपने दोस्त को अंतिम विदाई दी। सीनियर इंस्पेक्टर अभिजीत का किरदार निभाने वाले आदित्य श्रीवास्तव और डॉ. तारिका के रूप में नजर आईं श्रद्धा मुसले भी वहां मौजूद रहीं। इसके अलावा अमन वर्मा, के.के. गोस्वामी और फिल्ममेकर अशोक पंडित ने भी उन्हें श्रद्धांजलि दी। बी.पी. सिंह को CID के अलावा लोकप्रिय हॉरर शो 'आहट' के लिए भी याद किया जाता है। उन्होंने भारतीय टेलीविजन पर क्राइम और सस्पेंस को एक अलग पहचान दिलाई। उनके निधन से परिवार, दोस्तों और पूरी टीवी इंडस्ट्री को गहरा सदमा लगा है। अंतिम विदाई के दौरान उनके बेटे अक्षय और परिवार के अन्य सदस्य भी मौजूद रहे।