एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री से एक बार फिर दुखद खबर सामने आई है। मशहूर अमेरिकन एक्टर और पूर्व अमेरिकी सांसद बेन जोन्स का 84 साल की उम्र में निधन हो गया। रिपोर्ट्स के मुताबिक, उन्हें घर पर अचानक हार्ट अटैक आया, जिसके बाद उनकी जान चली गई। बेन के निधन की जानकारी उनकी पत्नी अल्मा विएटर ने सोशल मीडिया के जरिए दी। उन्होंने बताया कि बेन घर पर अपनी पसंदीदा कुर्सी पर आराम कर रहे थे और बेसबॉल मैच देखने का इंतजार कर रहे थे, तभी उन्हें तेज हार्ट अटैक आया। पत्नी ने उन्हें याद करते हुए कहा कि उन्होंने अपनी जिंदगी शानदार तरीके से जी और बहुत से लोगों से प्यार पाया। बेन जोन्स को सबसे ज्यादा पहचान पॉपुलर टीवी सीरीज 'द ड्यूक्स ऑफ हैजर्ड' से मिली थी। उन्होंने शो के सभी सात सीजन में कूटर डेवनपोर्ट का किरदार निभाया था। शो में वह एक मैकेनिक और ड्यूक परिवार के करीबी दोस्त के रोल में नजर आए थे। इसके अलावा वह 'स्मोकी एंड द बैंडिट' जैसे प्रोजेक्ट्स का भी हिस्सा रहे। एक्टिंग के बाद बेन ने राजनीति में कदम रखा और जॉर्जिया का प्रतिनिधित्व करते हुए अमेरिकी कांग्रेस में दो कार्यकाल पूरे किए। उनके निधन पर 'द ड्यूक्स ऑफ हैजर्ड' के को-स्टार टॉम वोपट ने भी भावुक पोस्ट शेयर कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। उन्होंने बेन को अपना अच्छा दोस्त बताते हुए कहा कि उनकी कमी हमेशा महसूस होगी। बेन का यादगार कूटर डेवनपोर्ट किरदार कई पीढ़ियों के दर्शकों के दिलों में हमेशा जिंदा रहेगा।