एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री से सोशल मीडिया स्टार फैजल शेख यानी मिस्टर फैजू की शादी को लेकर बड़ी खबर सामने आ रही है। पिछले कुछ समय से उनकी शादी की चर्चाएं लगातार हो रही थीं, लेकिन अब फैजू ने खुद अपने लेटेस्ट व्लॉग में अपने निकाह को लेकर बड़ा खुलासा किया है। उन्होंने बताया कि वह इसी महीने निकाह करने जा रहे हैं और पिछले करीब दस दिनों से शादी की तैयारियों में व्यस्त थे। फैजू ने यह भी बताया कि उनका निकाह मदीना शरीफ में होगा। उन्होंने कहा कि इस खास मौके पर दोनों परिवारों के करीबी लोग मौजूद रहेंगे और शादी में करीब 25 से 30 लोग ही शामिल होंगे। इससे साफ है कि फैजू बेहद प्राइवेट तरीके से निकाह करने वाले हैं। इस बीच फैजू के व्लॉग से जुड़ी कुछ तस्वीरें भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं, जिनमें एक महिला नजर आ रही हैं। इसे लेकर फैंस कयास लगा रहे हैं कि क्या वह फैजू की होने वाली बेगम हैं। हालांकि, फैजू ने अभी तक अपनी पत्नी के नाम या पहचान की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। वहीं, सोशल मीडिया पर एक कथित वेडिंग कार्ड भी वायरल है, जिसमें ‘मिस्टर फैजू वेड्स तान्या’ लिखा है और 18 अक्टूबर की तारीख का दावा किया जा रहा है। निकाह के बाद 19 अक्टूबर को मुंबई में रिसेप्शन की खबरें भी सामने आई हैं।