जी हां, गोविंदा एक बार फिर अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर सुर्खियों में हैं। शुक्रवार, 7 अगस्त को 62 साल के एक्टर को मुंबई एयरपोर्ट पर स्पॉट किया गया, जहां उनके साथ मैनेजर शशि सिन्हा और मराठी एक्ट्रेस कोमल रानी स्वर्णकार नजर आईं। सामने आए वीडियो में गोविंदा व्हाइट शर्ट, ब्लैक जैकेट और ब्लैक जींस में दिखे, जबकि कोमल व्हाइट आउटफिट, खुले बाल और सनग्लासेस में नजर आईं। बताया जा रहा है कि गोविंदा और कोमल उत्तराखंड में एक इवेंट में शामिल होने के लिए रवाना हुए थे। वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर एक बार फिर गोविंदा और कोमल के कथित अफेयर की चर्चा तेज हो गई। इसकी वजह गोविंदा की पत्नी सुनीता आहूजा का एक पुराना बयान भी है, जिसमें उन्होंने ‘कोमल’ नाम की एक लड़की का जिक्र करते हुए कहा था कि उन्हें उससे नफरत है और अगर उन्हें कोई सबूत मिला तो वह गोविंदा को कभी माफ नहीं करेंगी। अब नेटिजेंस एयरपोर्ट वीडियो को उसी पुराने बयान से जोड़कर तरह-तरह के कयास लगा रहे हैं। बता दें कि कोमल रानी स्वर्णकार को गोविंदा अपनी फिल्म ‘रूपा’ के जरिए बॉलीवुड में लॉन्च करने वाले हैं। दोनों के साथ छह फिल्मों में काम करने की भी खबरें हैं। कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में दोनों के रिश्ते को लेकर दावे किए गए हैं, हालांकि गोविंदा इन अफवाहों को पूरी तरह खारिज कर चुके हैं। वहीं, सुनीता भी साफ कर चुकी हैं कि वह अपने पति को नहीं छोड़ेंगी।