बॉलीवुड सिंगर और म्यूजिक कंपोजर अमाल मलिक एक बार फिर अपने सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर सुर्खियों में हैं। हाल ही में उन्होंने म्यूजिक कंपोजर तनिष्क बागची पर म्यूजिक कॉपी करने, दूसरों के काम का क्रेडिट लेने और एक महिला से शादी का वादा कर उसे परेशान करने जैसे गंभीर आरोप लगाए थे। अमाल ने यह भी दावा किया था कि उन्हें महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस का नाम लेकर धमकाया जा रहा है। हालांकि, बाद में उन्होंने अपनी वह पोस्ट सोशल मीडिया से डिलीट कर दी, जिसके बाद आरोप वापस लेने की अटकलें लगने लगीं। अब अमाल ने एक्स पर नया पोस्ट शेयर कर साफ किया है कि उन्होंने पोस्ट केवल अपनी टाइमलाइन साफ रखने के लिए हटाई है, न कि अपने आरोप वापस लेने के लिए। उन्होंने कहा कि जो कुछ कहना था, वह पहले ही कह चुके हैं और आज भी अपनी बात पर कायम हैं। अमाल ने लिखा कि करीब 10 साल तक उन्होंने अपना गुस्सा दबाकर रखा, लेकिन अब उन्हें सच सामने लाना जरूरी लगा क्योंकि सही बात के लिए कोई खड़ा नहीं होता। उन्होंने यह भी कहा कि जिस व्यक्ति के खिलाफ उन्होंने आवाज उठाई है, उसके कर्म ही उसका हिसाब करेंगे। साथ ही चेतावनी देते हुए लिखा कि अगर भविष्य में किसी के साथ गलत हुआ तो वह फिर से आवाज उठाएंगे। अमाल का यह पोस्ट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। फिलहाल, इस पूरे विवाद पर तनिष्क बागची की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। ऐसे में सभी की नजर अब उनके जवाब पर टिकी हुई है।