टीवी एक्ट्रेस जन्नत जुबैर और यूट्यूबर एल्विश यादव की जोड़ी पिछले कुछ समय से सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई है। दोनों की शानदार बॉन्डिंग और ऑनस्क्रीन केमिस्ट्री को देखकर फैंस ने उनके रिलेशनशिप और शादी तक की अटकलें लगानी शुरू कर दी थीं। अब इन अफवाहों पर पहली बार जन्नत जुबैर ने खुलकर अपनी प्रतिक्रिया दी है। हाल ही में एक इंटरव्यू में जन्नत ने कहा कि जब दर्शकों को किसी भी दो लोगों की जोड़ी पसंद आती है तो वे उन्हें एक हैशटैग दे देते हैं। उन्होंने बताया कि उनके साथ ऐसा पहली बार नहीं हुआ है और पहले भी कई बार लोगों ने उनकी दोस्ती को रिश्ते का नाम दिया है। जन्नत ने साफ कहा कि सेट पर सभी कलाकार पूरी तरह प्रोफेशनल तरीके से काम करते हैं और किसी की अच्छी दोस्ती को प्यार का नाम देना सही नहीं है। हालांकि, उन्होंने यह भी माना कि फैंस का प्यार उन्हें अच्छा लगता है और जब लोग उनकी वीडियो एडिट करके भेजते हैं या फैन पेज बनाते हैं तो वह इसे अपने प्रति दर्शकों का स्नेह मानती हैं। बता दें कि 'लाफ्टर शेफ्स' शो के दौरान जन्नत और एल्विश की दोस्ती काफी चर्चा में रही थी। दोनों एक म्यूजिक वीडियो में भी साथ नजर आ चुके हैं। फिलहाल जन्नत ने स्पष्ट कर दिया है कि एल्विश के साथ उनका रिश्ता सिर्फ दोस्ती का है। वहीं, दोनों इस समय अपने-अपने करियर पर पूरा ध्यान दे रहे हैं।