भोजपुरी सितारों से सजा रियलिटी शो ‘भोजपुरी बवाल’ इन दिनों खूब चर्चा में है। जियो हॉटस्टार पर स्ट्रीम हो रहे इस शो में पवन सिंह, दिनेश लाल यादव ‘निरहुआ’, आम्रपाली दुबे समेत कई बड़े सितारे अपनी प्रोफेशनल और पर्सनल लाइफ से जुड़े किस्से शेयर करते नजर आ रहे हैं। अब शो के अपकमिंग एपिसोड में राधे मां की एंट्री होने वाली है, जिसका प्रोमो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। प्रोमो में भारती सिंह मजेदार अंदाज में राधे मां का स्वागत करती हैं। इसके बाद पवन सिंह, निरहुआ और आम्रपाली दुबे उनका आशीर्वाद लेते दिखाई देते हैं। इसी दौरान भारती सिंह पवन सिंह की शादी को लेकर बात छेड़ते हुए कहती हैं कि उन्हें अच्छा जीवनसाथी मिले, क्योंकि वह इस मामले में कई बार धोखा खा चुके हैं। इसके बाद राधे मां पवन सिंह को बुलाकर उनका माथा पढ़ती हैं और कहती हैं कि उनका दिल बहुत साफ है और 45 साल की उम्र में उन्हें एक बेहद अच्छी और प्यार करने वाली पत्नी मिलेगी। यह सुनकर निरहुआ डांस करने लगते हैं, जबकि पवन सिंह शर्माते हुए नजर आते हैं। पवन सिंह की निजी जिंदगी पहले भी सुर्खियों में रही है। उनकी पहली पत्नी नीलम सिंह का शादी के कुछ समय बाद निधन हो गया था। इसके बाद उन्होंने ज्योति सिंह से दूसरी शादी की, लेकिन बाद में दोनों के रिश्ते में विवाद बढ़ गया और मामला कोर्ट तक पहुंचा। अब राधे मां की भविष्यवाणी ने उनकी पर्सनल लाइफ को लेकर चर्चाएं फिर तेज कर दी हैं।