बॉलीवुड अभिनेता तुषार कपूर को कथित तौर पर 5 करोड़ रुपये की फिरौती के लिए धमकी भरा फोन आया है। इस खबर ने फिल्म इंडस्ट्री में हलचल मचा दी है। बताया जा रहा है कि फोन करने वाले शख्स ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य हैरी बॉक्सर बताया था। धमकी मिलने के बाद तुषार कपूर ने मुंबई पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच एंटी-एक्सटॉर्शन सेल और मुंबई क्राइम ब्रांच को सौंप दी गई है। हालांकि, इस केस में एक बड़ा ट्विस्ट सामने आया है। शुरुआती जांच में पुलिस को शक है कि धमकी देने वाला शख्स असल में हैरी बॉक्सर नहीं था। क्राइम ब्रांच की टेक्निकल टीम ने कॉल रिकॉर्डिंग की जांच की और कथित तौर पर आवाज का मिलान हैरी बॉक्सर के ऑडियो सैंपल से किया। शुरुआती जांच में दोनों आवाजों के मेल नहीं खाने की बात सामने आई है। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि किसी ने गैंग के नाम का इस्तेमाल कर तुषार कपूर से करोड़ों रुपये वसूलने की कोशिश की। इस घटना के बीच कपूर परिवार की चिंता बढ़ गई है। दरअसल, एकता कपूर 7 नवंबर को अपने घर पर दिवाली पार्टी होस्ट करने वाली हैं, जिसमें फिल्म और टीवी इंडस्ट्री के कई सितारों के शामिल होने की उम्मीद है। हर साल की तरह इस बार भी उनकी पार्टी में बड़ी महफिल सजने की संभावना है। लेकिन तुषार को मिली कथित धमकी के बाद सवाल उठ रहे हैं कि क्या एकता कपूर अपनी दिवाली पार्टी आयोजित करेंगी या इसे रद्द करने का फैसला लेंगी। फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। इस घटना ने एक बार फिर बॉलीवुड सितारों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। हालांकि, अभी तक किसी बड़े खतरे की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।