टीवी इंडस्ट्री के सबसे पसंदीदा कपल्स में से एक दिव्यांका त्रिपाठी और विवेक दहिया के घर आखिरकार खुशियों ने दस्तक दे दी है। शादी के 10 साल बाद दिव्यांका मां बन गई हैं और उन्होंने जुड़वा बेटों को जन्म दिया है। इस खुशखबरी के सामने आते ही सोशल मीडिया पर बधाइयों का सिलसिला शुरू हो गया है और फैंस कपल पर जमकर प्यार लुटा रहे हैं। लंबे इंतजार, उम्मीदों और दुआओं के बाद त्रिपाठी-दहिया परिवार में नन्ही किलकारियां गूंज उठी हैं। दो बेटों के जन्म से परिवार की खुशी दोगुनी हो गई है। फैंस भी इस पल का लंबे समय से इंतजार कर रहे थे और अब यह खबर उनके लिए किसी उत्सव से कम नहीं है। इस खास मौके पर दिव्यांका और विवेक ने सोशल मीडिया पर एक इमोशनल पोस्ट शेयर करते हुए अपनी खुशी जाहिर की। कपल ने लिखा, “आखिरकार इंतजार खत्म हो गया... हमारे नन्हे राजकुमार आ गए हैं और उनकी मौजूदगी ने हमारी जिंदगी को पहले से कहीं ज्यादा खूबसूरत बना दिया है। मेरे करण-अर्जुन आ गए! इस नई और खूबसूरत पेरेंटहुड की शुरुआत में हमें आप सभी के प्यार, शुभकामनाओं और आशीर्वाद की जरूरत है।” पोस्ट के साथ कपल ने एक खूबसूरत ग्राफिक तस्वीर भी साझा की, जिसमें दो नन्हे बच्चे नीले रंग के बुने हुए कपड़ों में बादलों और तारों के बीच बैठे नजर आ रहे हैं। तस्वीर पर लिखा था, “हमने खुशियां मांगी थीं, भगवान ने डबल खुशियां दे दीं।” इस पोस्ट ने फैंस का दिल जीत लिया है।

---विज्ञापन---