टीवी के पॉपुलर कपल दिव्यांका त्रिपाठी और विवेक दहिया इन दिनों अपनी जिंदगी के सबसे खूबसूरत पल एन्जॉय कर रहे हैं। शादी के करीब 10 साल बाद कपल के घर जुड़वां बेटों का जन्म हुआ, जिसके बाद से ही उनकी खुशियां दोगुनी हो गई हैं। मई 2026 में दोनों ने माता-पिता बनने की खुशखबरी फैंस के साथ शेयर की थी, लेकिन बच्चों के नाम बताने के लिए थोड़ा इंतजार करवाया। अब आखिरकार T1 और T2 की असली पहचान सामने आ गई है। दरअसल, 7 नवंबर को दिव्यांका और विवेक ने अपने यूट्यूब चैनल पर एक वीडियो शेयर किया, जिसमें एक्ट्रेस ने बताया कि उनके बड़े बेटे का नाम दैविक और छोटे बेटे का नाम वैद्विक रखा गया है। इतना ही नहीं, इन दोनों नामों के पीछे एक खास वजह भी है। दिव्यांका के मुताबिक, बड़ा बेटा दैविक अपने पापा विवेक जैसा मजबूत है। जन्म के तुरंत बाद उसकी पकड़ ने भी सभी को हैरान कर दिया था। वहीं, छोटा बेटा वैद्विक जन्म के समय थोड़ा कमजोर था। ऐसे में उसके नाम का अर्थ भी खास रखा गया। एक्ट्रेस ने बताया कि 'वैद' का मतलब हीलर और 'द्विक' का अर्थ दो गुना है। यानी वैद्विक का मतलब हुआ दोगुनी तेजी से ठीक होने वाला। अब बच्चों के नाम सामने आने के बाद फैंस कपल को जमकर बधाइयां दे रहे हैं।