टीवी के लोकप्रिय कपल दिव्यांका त्रिपाठी और विवेक दहिया इन दिनों अपनी पैरेंटहुड जर्नी को लेकर चर्चा में हैं। हाल ही में दोनों ने अपने जुड़वां बेटों के एक महीने पूरे होने की खुशी में एक खास सेलिब्रेशन किया, जिसकी रील उन्होंने सोशल मीडिया पर शेयर की। हालांकि, इस वीडियो को लेकर अब कपल को ट्रोलिंग का सामना करना पड़ रहा है। वायरल रील में दिव्यांका और विवेक अपने-अपने हाथों में एक-एक बच्चे को पकड़े नजर आते हैं। सामने रखे दो कपकेक पर जलती हुई मोमबत्तियां दिखाई देती हैं। वीडियो में ऐसा एडिट किया गया है कि देखने वालों को लगता है मानो नवजात बच्चों ने मोमबत्तियां बुझाई हों, जबकि बाद में कपल खुद कैंडल बुझाते नजर आते हैं। यह वीडियो मनोरंजन और सोशल मीडिया कंटेंट के उद्देश्य से बनाया गया था। रील सामने आते ही सोशल मीडिया पर मिली-जुली प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं। कई फैंस ने बच्चों के एक महीने पूरे होने पर कपल को बधाई दी, वहीं कुछ यूजर्स ने इस तरह की प्रस्तुति को लेकर नाराजगी जताई। उनका कहना है कि नवजात बच्चों को इस तरह के कंटेंट का हिस्सा बनाना उचित नहीं है। हालांकि, दिव्यांका त्रिपाठी और विवेक दहिया ने ट्रोलिंग पर अभी तक कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है। सोशल मीडिया पर इस वीडियो को लेकर बहस जारी है। जहां एक वर्ग इसे महज मजाक और क्रिएटिव कंटेंट बता रहा है, वहीं दूसरे लोग इसे गैर-जिम्मेदाराना बताते हुए कपल की आलोचना कर रहे हैं।

---विज्ञापन---