26 मई 2026 को जुड़वा बेटों की मां बनीं दिव्यांका त्रिपाठी डिलीवरी के बाद से ही लगातार सुर्खियों में बनी हुई हैं। शादी के 10 साल बाद जुड़वा बच्चों के माता-पिता बनने के बाद से दिव्यांका और विवेक दहिया पर फैंस खूब प्यार और शुभकामनाओं की बरसात कर रहे हैं। 42 साल की उम्र में मां बनीं दिव्यांका ने अस्पताल से डिस्चार्ज होने के बाद अपने ट्विन बेबीज़ के साथ कैमरे के सामने जमकर पोज दिए थे। उनकी ये तस्वीरें सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुई थीं। लेकिन अब मां बनने के महज 19 दिन बाद ही दिव्यांका ने अपनी मॉम ड्यूटी से थोड़ा ब्रेक लेने का फैसला किया। ऐसे में कुछ समय के लिए पेरेंटिंग की जिम्मेदारियों से दूरी बनाकर मिस्टर एंड मिसेज दहिया आउटिंग पर निकल पड़े। अब बच्चों के जन्म के बाद कपल की पहली आउटिंग की तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं और लोगों का खूब ध्यान खींच रही हैं।हालांकि इन तस्वीरों को देखने के बाद फैंस के मन में एक सवाल भी उठ रहा है कि आखिर 19 दिन के जुड़वा बच्चों को छोड़कर कपल बाहर कैसे चला गया और उनकी देखभाल कौन कर रहा था? तो आपको बता दें कि बच्चों को घर पर छोड़कर कुछ समय के लिए बाहर जाने का आइडिया दिव्यांका का नहीं, बल्कि विवेक दहिया का था। अपने नए यूट्यूब व्लॉग में कपल ने इस खास आउटिंग की झलक भी दिखाई है।
सबसे दिलचस्प बात यह रही कि आउटिंग पर जाने से पहले विवेक ने दिव्यांका की मां, यानी बच्चों की नानी से अनुमति ली थी। उन्होंने पूछा था कि क्या वे दोनों कुछ देर के लिए बाहर जा सकते हैं। नानी की मंजूरी मिलने के बाद ही न्यूली मॉम-डैड अपनी पहली आउटिंग के लिए घर से निकले।हालांकि 19 दिन के जुड़वा बच्चों को पहली बार घर पर छोड़कर बाहर जाना दिव्यांका के लिए आसान नहीं था। वह थोड़ी भावुक और चिंतित भी नजर आईं। उन्हें डर था कि कहीं उनके पीछे बच्चे रोने न लगें या फिर परेशान न हो जाएं, क्योंकि उस स्थिति में उन्हें संभालने की जिम्मेदारी उनकी नानी पर आ जाती। लेकिन विवेक ने उन्हें समझाया और कुछ सुकून भरे पल साथ बिताने के लिए मना ही लिया। इसके बाद कपल ने अपनी इस छोटी-सी लेकिन यादगार आउटिंग को खुलकर एंजॉय किया।