इसी साल जुड़वा बच्चों की मां बनीं दिव्यांका त्रिपाठी अपने पति विवेक दहिया के साथ कलर्स के रिएलिटी शो ‘पति पत्नी और पंगा 2’ में नजर आने वाली हैं। करीब 7 साल बाद दिव्यांका डेली सोप की दुनिया से दूर रहने के बाद इस शो के जरिए टीवी पर वापसी कर रही हैं। हालांकि, शो के शुरू होने से पहले ही इसके सेट पर बड़ा हादसा हो गया। दरअसल, 5 अक्टूबर की शाम मुंबई के गोरेगांव स्थित फिल्मसिटी में अचानक आग लग गई। आग प्राइम फोकस स्टूडियो के पीछे बने एक अस्थायी स्ट्रक्चर में लगी, जहां ‘पति पत्नी और पंगा 2’ का सेट मौजूद है। आग इतनी तेजी से फैली कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई और काले धुएं के साथ ऊंची लपटें दिखाई देने लगीं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, आग शाम करीब 4 बजे लगी और 4:55 बजे तक उस पर काबू पा लिया गया। इस हादसे में इलेक्ट्रिक वायरिंग, केबल, लकड़ी के तख्ते, एसी यूनिट, बांस, प्लास्टिक का सामान, साउंड सिस्टम और शूटिंग से जुड़ी चीजें प्रभावित हुईं। राहत की बात यह रही कि कोई घायल नहीं हुआ। टीम ने साफ किया कि आग सेट के बाहर लगी थी और उस समय शूटिंग नहीं हो रही थी, इसलिए दिव्यांका, विवेक या शो की टीम सुरक्षित है। शुरुआती रिपोर्ट्स में आग को रणबीर कपूर की ‘रामायण’ के सेट से जोड़ा गया था, लेकिन बाद में यह गलतफहमी साफ हो गई। हालांकि, MTV Hustle 5 और रामायण के अस्थायी सेट को भी नुकसान पहुंचने की बात सामने आई। हादसे के बाद AICWA ने FIR और फायर सेफ्टी ऑडिट की मांग की है। ‘पति पत्नी और पंगा 2’ में कई सेलिब्रिटी कपल नजर आएंगे और शो को सोनाली बेंद्रे और मुनव्वर फारूकी होस्ट करेंगे।