दीपिका कक्कड़ और शोएब इब्राहिम के परिवार के लिए आखिरकार राहत भरी खबर सामने आई है। पिछले कई हफ्तों से गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे शोएब इब्राहिम के पिता की हालत में अब काफी सुधार देखने को मिला है। करीब 23 दिनों तक ICU में रहने के बाद उन्हें अब वॉर्ड में शिफ्ट कर दिया गया है। इस खुशखबरी की जानकारी खुद शोएब इब्राहिम ने अपने लेटेस्ट व्लॉग में दी। उन्होंने बताया कि उनके पिता का फिजियो रिहैब भी शुरू हो चुका है और डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी है। हालांकि अभी भी उन्हें विशेष देखभाल की जरूरत है। शोएब ने कहा कि उनके पिता पहले की तरह स्पष्ट रूप से बात नहीं कर पा रहे हैं और उनकी जरूरतों को समझने के लिए परिवार को उनके हाव-भाव पर ध्यान देना पड़ता है। शोएब के मुताबिक, ब्रेन हेमरेज के बाद उनके पिता की स्थिति बेहद नाजुक थी। ऐसे मामलों में मरीज की आवाज लौटना मुश्किल माना जाता है, लेकिन धीरे-धीरे उनकी बोलने की क्षमता वापस आ रही है, जिसे डॉक्टर भी सकारात्मक संकेत मान रहे हैं। व्लॉग में शोएब ने फैंस का आभार जताते हुए कहा कि लोगों की दुआओं और अल्लाह के करम से ही उनके पिता इस मुश्किल दौर से बाहर निकल पाए हैं। अब परिवार और फैंस उनकी पूरी तरह स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।

---विज्ञापन---