टीवी एक्ट्रेस दीपिका कक्कड़ इस समय अपनी जिंदगी के सबसे कठिन दौर से गुजर रही हैं। साल 2025 में पेट दर्द के इलाज के दौरान उनकी लिवर में कैंसर ट्यूमर का पता चला था, जिसके बाद उनकी बड़ी सर्जरी हुई और लिवर का करीब 20 प्रतिशत हिस्सा निकालना पड़ा। सर्जरी के बाद दीपिका कैंसर फ्री हो गईं, लेकिन उनकी मुश्किलें अभी खत्म नहीं हुई हैं। हाल ही में दीपिका के पति शोएब इब्राहिम ने अपने लेटेस्ट व्लॉग में उनकी हेल्थ को लेकर नई जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कैंसर सर्जरी के बाद दीपिका के पेट में दो नई गांठें मिली हैं, जिनके लिए उनकी इम्यूनोथेरेपी चल रही है। इसी बीच उनकी लेटेस्ट रिपोर्ट में शरीर में आयरन की भारी कमी भी सामने आई है। डॉक्टरों ने इम्यूनोथेरेपी के साथ IV के जरिए आयरन इंफ्यूजन भी दिया। व्लॉग में दीपिका अस्पताल के बेड पर नजर आईं। शोएब ने बताया कि इस बार उन्हें अस्पताल में भर्ती होने की जरूरत नहीं पड़ी और पूरा इलाज डे-केयर प्रोसेस के तहत किया गया। वहीं दीपिका ने फैंस को भरोसा दिलाया कि घबराने की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि डॉक्टरों की दी गई दवाओं की वजह से उन्हें थोड़ी नींद और चक्कर महसूस हो रहे हैं, लेकिन उनकी तबीयत पहले से बेहतर है और वह पूरी सकारात्मक सोच के साथ इलाज करवा रही हैं। बता दें कि दीपिका की इम्यूनोथेरेपी हर 20 से 25 दिन में हो रही है। इससे पहले शोएब ने यह भी बताया था कि दीपिका की बीमारी का असर उनके तीन साल के बेटे रूहान पर भी पड़ रहा है, जो मां के अस्पताल जाने पर उन्हें बहुत मिस करता है।