टीवी इंडस्ट्री के पॉपुलर कपल धीरज धूपर और विन्नी अरोड़ा के घर एक बार फिर खुशियां दस्तक देने वाली हैं। शादी के दस साल बाद कपल दूसरी बार माता-पिता बनने जा रहा है। काफी समय से विन्नी की प्रेग्नेंसी को लेकर चर्चाएं हो रही थीं, लेकिन अब एक्ट्रेस ने खुद इस खुशखबरी का ऐलान कर दिया है। दरअसल, विन्नी अरोड़ा ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक खूबसूरत वीडियो शेयर किया है, जिसमें वह ग्रीन कलर की बॉडीकॉन ड्रेस में नजर आ रही हैं। वीडियो में विन्नी खुशी से अपना बेबी बंप फ्लॉन्ट करती दिखाई दे रही हैं। इसके साथ उन्होंने कैप्शन में लिखा, 'एक नन्हा सा चमत्कार, फिर से…'। विन्नी की इस पोस्ट के सामने आते ही फैंस और टीवी इंडस्ट्री के सितारे कपल को बधाइयां देने लगे हैं। गौरतलब है कि इस खुशखबरी से पांच दिन पहले ही धीरज और विन्नी ने अपनी शादी की दसवीं सालगिरह मनाई थी। इस मौके पर धीरज ने परिवार की कुछ तस्वीरें शेयर की थीं, जिनमें दोनों अपने बेटे जैन के साथ नजर आए थे। तस्वीरों के साथ धीरज ने परिवार में और प्यार जुड़ने की बात लिखी थी, जिसके बाद से ही फैंस दूसरी प्रेग्नेंसी के कयास लगा रहे थे। बता दें कि धीरज और विन्नी की मुलाकात साल 2009 में टीवी शो 'मात पिता के चरणों में स्वर्ग' के सेट पर हुई थी। सात साल डेटिंग के बाद दोनों ने 16 नवंबर 2016 को शादी की। 10 अगस्त 2022 को उनके बेटे जैन का जन्म हुआ था। अब कपल दूसरे बच्चे का स्वागत करने के लिए तैयार है।