टीवी की मशहूर एक्ट्रेस देवोलीना भट्टाचार्जी इन दिनों बेहद मुश्किल दौर से गुजर रही हैं। असम में आई भीषण बाढ़ ने उनके परिवार को भी अपनी चपेट में ले लिया है। एक्ट्रेस ने सोशल मीडिया पर एक भावुक वीडियो शेयर कर बताया कि उनकी मां नाजिरा में बाढ़ के बीच फंसी हुई हैं, जबकि उनकी नानी और मौसी का घर पूरी तरह पानी में डूब चुका है। वीडियो में भावुक होती देवोलीना ने कहा कि वह काफी दिनों से इस बारे में बात करना चाहती थीं, लेकिन अपने जज्बातों पर काबू नहीं रख पा रही थीं। उन्होंने बताया कि असम उनकी जन्मभूमि है और वहीं उनकी पढ़ाई-लिखाई हुई। इसलिए वहां के हालात देखकर उनका दिल टूट गया है। उन्होंने कहा कि भगवान की कृपा से उनका पुराना घर सुरक्षित है, लेकिन नानी और मौसी का घर पूरी तरह तबाह हो चुका है और वहां कुछ भी नहीं बचा। एक्ट्रेस ने यह भी बताया कि वह अपने परिवार के पास जाना चाहती हैं, लेकिन अपने छोटे बेटे की जिम्मेदारी के कारण ऐसा नहीं कर पा रहीं। उन्होंने कहा कि वह खुद को बेहद बेबस और लाचार महसूस कर रही हैं। देवोलीना ने कहा कि असम में बाढ़ आना नई बात नहीं है और उन्होंने पहले भी ऐसे हालात देखे हैं, लेकिन इस बार तबाही पहले से कहीं ज्यादा भयावह है। आखिर में उन्होंने लोगों से अपील की कि वे असम के बाढ़ प्रभावित लोगों की हर संभव मदद करें और जरूरतमंदों तक राहत पहुंचाने में सहयोग दें।