दीपिका पादुकोण इन दिनों अपनी दूसरी प्रेग्नेंसी को लेकर चर्चा में हैं। एक्ट्रेस ने 19 अप्रैल 2026 को अपनी दूसरी प्रेग्नेंसी की घोषणा कर फैंस को खुशखबरी दी थी। तब से उनके हर अपडेट पर फैंस की नजर बनी हुई है। अब दीपिका का एक नया सोशल मीडिया पोस्ट तेजी से वायरल हो रहा है। दरअसल, दीपिका ने इंस्टाग्राम पर एक मजेदार तस्वीर शेयर की, जिसमें मां और बच्चे की रात की नींद की हकीकत दिखाई गई है। तस्वीर में बच्चा पूरे बेड पर फैला हुआ नजर आ रहा है, जबकि मां बेड के एक छोटे से कोने में सिमटकर सो रही है। दिलचस्प बात यह है कि बेड का दूसरा हिस्सा पूरी तरह खाली है, लेकिन बच्चा फिर भी मां से चिपककर ही सो रहा है। दीपिका ने इस पोस्ट के जरिए बिना कुछ कहे अपनी स्थिति बयां कर दी। फैंस का मानना है कि डेढ़ साल की नन्हीं दुआ इन दिनों अपनी मम्मी को चैन की नींद नहीं लेने दे रही हैं। खासकर तब, जब एक्ट्रेस दूसरी प्रेग्नेंसी के दौर से गुजर रही हैं। हालांकि दीपिका ने इस पूरे अनुभव को बेहद हल्के-फुल्के और मजाकिया अंदाज में शेयर किया। पोस्ट सामने आते ही सोशल मीडिया पर फैंस के मजेदार रिएक्शन आने लगे। किसी ने इसे हर मां की कहानी बताया तो किसी ने लिखा कि बच्चे पूरे बेड के मालिक बन जाते हैं और पैरेंट्स सिर्फ किराएदार। दीपिका का यह पोस्ट अब लाखों पैरेंट्स को रिलेटेबल लग रहा है और सोशल मीडिया पर खूब पसंद किया जा रहा है।