बॉलीवुड अभिनेत्री दीपिका पादुकोण इन दिनों लगातार चर्चा में बनी हुई हैं। हाल ही में उनकी 8 घंटे की वर्क शिफ्ट की मांग को लेकर काफी बहस हुई थी। वहीं अब उनका एक नया सोशल मीडिया पोस्ट सुर्खियों में है, जिसमें उन्होंने महिला खिलाड़ियों और नई मांओं से जुड़े एक अहम मुद्दे पर अपनी राय रखी है। दरअसल, इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने महिला क्रिकेटरों के लिए नई मैटरनिटी पॉलिसी की घोषणा की है। इस पॉलिसी का उद्देश्य उन खिलाड़ियों को सहयोग देना है, जो मां बनने के बाद दोबारा अपने खेल करियर में वापसी करना चाहती हैं। इस पहल के तहत महिला खिलाड़ियों को मातृत्व और प्रोफेशनल करियर के बीच चुनाव करने की मजबूरी कम करने की दिशा में कदम उठाया गया है। ICC की इस नई पहल से दीपिका पादुकोण काफी प्रभावित नजर आईं। उन्होंने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर इस खबर को साझा करते हुए इसे महिला खिलाड़ियों के लिए एक “ऐतिहासिक कदम” बताया। उनका मानना है कि महिलाओं को अपने सपनों और परिवार के बीच किसी एक को चुनने के लिए मजबूर नहीं किया जाना चाहिए। दीपिका का यह पोस्ट उनकी निजी जिंदगी से जोड़कर भी देखा जा रहा है। मां बनने के बाद वह कई मौकों पर महिलाओं के वर्क-लाइफ बैलेंस, स्वास्थ्य और परिवार के लिए समय निकालने की जरूरत पर बात कर चुकी हैं। बेटी दुआ के जन्म के बाद दीपिका अपने करियर और मातृत्व दोनों के बीच संतुलन बनाने की कोशिश कर रही हैं। दीपिका का यह समर्थन एक बार फिर इस बात को सामने लाता है कि बदलते समय में महिलाओं के लिए कार्यस्थलों और पेशेवर दुनिया को ज्यादा संवेदनशील और सहयोगी बनाने की जरूरत है।

---विज्ञापन---