बॉलीवुड एक्ट्रेस दीपिका पादुकोण इन दिनों अपनी दूसरी प्रेग्नेंसी को लेकर सुर्खियों में हैं। हाल ही में उन्होंने पति रणवीर सिंह और बेटी दुआ के साथ कुछ खूबसूरत तस्वीरें शेयर कीं, जिनमें वह बेबी बंप फ्लॉन्ट करती नजर आईं। तस्वीरें सामने आते ही फैंस ने उन पर खूब प्यार लुटाया, लेकिन इसके बाद सामने आए एक पोस्ट ने नई चर्चा छेड़ दी। एक कंटेंट क्रिएटर ने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर कर सेलिब्रिटीज की प्रेग्नेंसी को लेकर फैलने वाली अफवाहों पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि किसी महिला के शरीर या बेबी बंप को देखकर उसकी प्रेग्नेंसी पर सवाल करना सही नहीं है। पोस्ट में दीपिका की पहली प्रेग्नेंसी का भी जिक्र किया गया, जब उनकी प्रेग्नेंसी को लेकर सोशल मीडिया पर कई तरह की अफवाहें सामने आई थीं और कुछ लोगों ने इसे फेक तक बताया था। इस पोस्ट को दीपिका ने लाइक किया है। बस इसी एक लाइक ने सोशल मीडिया पर चर्चाओं को हवा दे दी। हालांकि, दीपिका ने खुद इस पोस्ट पर कोई बयान नहीं दिया है और न ही प्रेग्नेंसी को लेकर उठ रहे सवालों पर सफाई दी है। दीपिका और रणवीर सितंबर 2024 में बेटी दुआ के माता-पिता बने थे। अब उनकी दूसरी प्रेग्नेंसी की खबरें लगातार सुर्खियों में हैं।