बॉलीवुड के पावर कपल दीपिका पादुकोण और रणवीर सिंह एक बार फिर चर्चा में हैं। दरअसल, दशहरे के खास मौके पर कपल ने अपनी दूसरी बेटी के नाम का खुलासा किया। दीपिका और रणवीर ने अपनी छोटी बेटी का नाम देवी पादुकोण सिंह रखा है। कपल ने सोशल मीडिया पर अपनी बेटियों के साथ एक प्यारी-सी तस्वीर शेयर की और कैप्शन में लिखा, प्रेम और समृद्धि से भरपूर… देवी पादुकोण सिंह। इसके बाद से ही सोशल मीडिया पर उनकी बेटी के नाम को लेकर चर्चा शुरू हो गई है। जहां कई फैंस दोनों की बेटियों के नाम की तारीफ कर रहे हैं, वहीं कुछ लोग इसे लेकर सवाल भी उठा रहे हैं। इस पूरे मामले में सबसे ज्यादा ध्यान एक्ट्रेस बिपाशा बसु के कॉमेंट ने खींचा। दरअसल, बिपाशा और उनके पति करण सिंह ग्रोवर की बेटी का नाम भी देवी है। ऐसे में जब बिपाशा ने दीपिका की पोस्ट पर कॉमेंट करते हुए सिर्फ ‘देवी’ लिखा, तो सोशल मीडिया यूजर्स ने इसे तुरंत नोटिस कर लिया। इसके बाद कुछ यूजर्स ने दीपिका और रणवीर को कॉपी करने तक के आरोप लगाए। एक यूजर ने लिखा कि बिपाशा की बेटी का नाम भी देवी है, जबकि दूसरे ने कहा कि उन्हें पहले से ही बिपाशा के कॉमेंट का इंतजार था। हालांकि, यह पहली बार नहीं है जब दीपिका और रणवीर की बेटियों के नाम चर्चा में आए हों। इससे पहले कपल ने अपनी बड़ी बेटी का नाम दुआ पादुकोण सिंह रखा था। दुआ का जन्म 8 सितंबर 2024 को हुआ था और दिवाली के मौके पर उनके नाम का खुलासा किया गया था। उस समय भी सोशल मीडिया पर नाम को लेकर मिली-जुली प्रतिक्रियाएं देखने को मिली थीं। अब छोटी बेटी देवी के नाम सामने आने के बाद एक बार फिर सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई है। कुछ यूजर्स इसे लेकर मजाक कर रहे हैं, तो कई फैंस दोनों बच्चियों के नाम को बेहद खूबसूरत बता रहे हैं।