दीपिका पादुकोण इन दिनों अपनी प्रेग्नेंसी फेज को लेकर चर्चा में हैं। दुआ के दूसरे जन्मदिन पर दीपिका और रणवीर सिंह ने अपनी बेटी के साथ खूबसूरत तस्वीरें शेयर कीं। इन तस्वीरों में दीपिका अपना बेबी बंप फ्लॉन्ट करती नजर आईं। तस्वीरें वायरल होने के बाद एक्ट्रेस की प्रेग्नेंसी क्रेविंग्स और ईटिंग हैबिट्स से जुड़ा एक पुराना किस्सा भी चर्चा में आ गया है। ये किस्सा दीपिका की फिल्म ‘पीकू’ के प्रमोशन के दौरान का है। फिल्म में दीपिका के साथ अमिताभ बच्चन नजर आए थे। एक प्रमोशनल इवेंट में दीपिका ने मजाक में बताया था कि अमिताभ बच्चन सेट पर उनका खाना चुरा लिया करते थे। इसके बाद बिग बी ने भी दीपिका की खाने की आदत को लेकर मजेदार खुलासा किया। उन्होंने कहा था कि आम इंसान दिन में तीन बार खाना खाता है, जबकि दीपिका हर तीन मिनट में कुछ न कुछ खाती रहती हैं। उनके आसपास हमेशा खाने का सामान मौजूद रहता था। बाद में ‘कौन बनेगा करोड़पति’ के सेट पर भी अमिताभ ने इस किस्से को दोहराया। हालांकि, दीपिका ने तुरंत जवाब देते हुए कहा था कि जब भी वह अपना टिफिन खोलती थीं, अमिताभ खुद उनके पास आकर पूछते थे कि आज खाने में क्या लाई हैं। अब दीपिका की प्रेग्नेंसी के बीच उनका ये पुराना फूड किस्सा एक बार फिर फैंस को खूब गुदगुदा रहा है।