हॉलीवुड अभिनेत्री डेवे चेस के निधन की खबर ने दुनियाभर के प्रशंसकों को झकझोर दिया है। महज 35 साल की उम्र में उनका निधन हो गया। 'द रिंग' में समारा मॉर्गन और डिज्नी की एनिमेटेड फिल्म 'लिलो एंड स्टिच' में अपनी आवाज़ के लिए मशहूर डेवे चेस ने कम उम्र में ही हॉलीवुड में खास पहचान बना ली थी। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, डेवे चेस की मौत AIDS से जुड़ी गंभीर स्वास्थ्य जटिलताओं के कारण हुई। बताया गया कि उन्हें सेप्टिक शॉक और मेनिन्जाइटिस जैसी गंभीर बीमारियां भी थीं। रिपोर्ट्स में यह भी दावा किया गया है कि लंबे समय तक नशीले पदार्थों के सेवन ने उनकी सेहत को गंभीर रूप से प्रभावित किया। हालांकि, इन दावों की आधिकारिक पुष्टि संबंधित अधिकारियों की ओर से नहीं की गई है। रिपोर्ट्स के अनुसार, डेवे पिछले कई वर्षों से फिल्मी दुनिया और सार्वजनिक जीवन से दूर थीं। बताया जाता है कि वह परिवार से भी अलग हो गई थीं और कठिन परिस्थितियों में जीवन बिता रही थीं। उनके पिता जॉन डेविड ने एक इंटरव्यू में दावा किया कि डेवे किशोरावस्था से ही नशे की लत से जूझ रही थीं, जिसके चलते परिवार के साथ उनके रिश्तों में भी दूरी आ गई। डेवे चेस ने बचपन से अभिनय की शुरुआत की थी। 'द रिंग', 'लिलो एंड स्टिच', 'डॉनी डार्को', 'एस. डार्को' और 'बिग लव' जैसे प्रोजेक्ट्स में उनके काम को आज भी याद किया जाता है। उनके निधन से हॉलीवुड और उनके प्रशंसकों में शोक की लहर है।