अगर आपको लगता है कि बॉलीवुड में सिर्फ ऑन-स्क्रीन ड्रामा होता है, तो इस बार मामला कैमरे के पीछे का है। अजय देवगन की अपकमिंग फिल्म 'चौहान' एक बार फिर विवादों में है और इस बार चर्चा के केंद्र में हैं अभिनेता जीशान अय्यूब। जीशान अय्यूब ने अपने X अकाउंट पर साफ किया है कि उनका फिल्म 'चौहान' से कोई संबंध नहीं है। उन्होंने बताया कि कुछ महीने पहले उनसे बिना किसी संदर्भ के सिर्फ एक लाइन डब करवाई गई थी। फिल्म से जुड़े लोगों को व्यक्तिगत रूप से जानने की वजह से उन्होंने बिना ज्यादा सवाल किए यह काम कर दिया। लेकिन जब टीजर रिलीज हुआ और उन्होंने देखा कि उनकी आवाज़ का इस्तेमाल ऐसे संदर्भ में किया गया है जिससे उनका कोई लेना-देना नहीं है, तो उन्होंने तुरंत मेकर्स से अपनी आवाज़ हटाने की मांग की। जीशान के मुताबिक, उनकी आपत्ति के बाद करीब 15 दिन पहले टीजर से उनकी आवाज़ हटा दी गई। दरअसल, टीजर के डायलॉग "पठान को कह दो चौहान आ रहा है" पर चौहान समुदाय और क्षत्रिय परिषद ने आपत्ति जताई थी। विवाद बढ़ने के बाद मेकर्स ने जीशान की आवाज़ को दूसरे आर्टिस्ट से डब करवा दिया। जीशान ने कहा कि उन्हें सिर्फ आवाज़ बदले जाने से नहीं, बल्कि इस पूरे फैसले में शामिल न किए जाने से भी दुख हुआ। फिलहाल फिल्म के मेकर्स की ओर से इस पूरे विवाद पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है। बता दें कि 'चौहान' का टाइटल अनाउंसमेंट 25 जून को वीरू देवगन की जयंती पर किया गया था। रिपोर्ट्स के मुताबिक फिल्म जामा मस्जिद के बाहर हुई एक वास्तविक घटना से प्रेरित बताई जा रही है, हालांकि मेकर्स ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। फिल्म 1 अक्टूबर 2027 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

---विज्ञापन---