बॉलीवुड एक्ट्रेस सेलिना जेटली की कुछ इमोशनल तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं, जिन्हें देखकर फैंस भी भावुक हो गए हैं। इन तस्वीरों में सेलिना अपने दिवंगत बेटे शमशेर की कब्र के पास बैठी नजर आ रही हैं। वह कब्र पर फूल रखती हैं और अपने आंसुओं को रोक नहीं पातीं। कभी वह ग्रेवस्टोन को किस करती हैं तो कभी उसे गले लगाकर बेटे को याद करती नजर आती हैं। दरअसल, सेलिना ने अपने बेटे शमशेर के जन्मदिन पर एक इमोशनल पोस्ट शेयर किया है। उन्होंने बताया कि इसी साल अप्रैल में ऑस्ट्रिया में उन्होंने एक पल रिकॉर्ड किया था। उस वक्त उन्हें नहीं पता था कि वह अगली बार अपने बेटे की कब्र पर कब जा पाएंगी, इसलिए उन्होंने उस पल को कैमरे में कैद कर लिया था। बता दें कि साल 2017 में सेलिना ने जुड़वां बेटों आर्थर और शमशेर को जन्म दिया था। दोनों का जन्म करीब 32 हफ्तों में हुआ था। शमशेर को जन्म से ही Hypoplastic Left Heart Syndrome (HLHS) नाम की गंभीर दिल की बीमारी थी और जन्म के करीब 24 घंटे बाद उनका निधन हो गया था। बेटे को खोने का दर्द सेलिना आज भी अपने दिल में लिए हुए हैं। उन्होंने शमशेर और आर्थर को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वह हमेशा उनकी मां रहेंगी।