बॉलीवुड अभिनेता चंद्रचूड़ सिंह के गुरुग्राम स्थित घर पर प्रशासन की कार्रवाई चर्चा का विषय बन गई है। सोशल मीडिया पर बुलडोजर कार्रवाई के वीडियो और तस्वीरें वायरल होने के बाद फैंस के बीच कई तरह के सवाल उठने लगे। हालांकि, रिपोर्ट्स के मुताबिक यह कार्रवाई अवैध निर्माण हटाने के अभियान का हिस्सा थी। जानकारी के अनुसार, गुरुग्राम के DLF फेज-3 में जिला टाउन प्लानर (DTP) की टीम अवैध निर्माण के खिलाफ अभियान चला रही है। इसी दौरान चंद्रचूड़ सिंह के घर के स्टिल्ट पार्किंग एरिया से जुड़े उस हिस्से पर कार्रवाई की गई, जिस पर कथित तौर पर सरकारी जमीन पर नियमों के विपरीत निर्माण किया गया था। प्रशासन का कहना है कि सड़क से लगी सरकारी भूमि पर दीवार बनाकर और पेड़-पौधे लगाकर अतिक्रमण किया गया था, जिसे हटाया गया। रिपोर्ट्स के अनुसार, कार्रवाई से पहले संबंधित पक्ष को नोटिस जारी किया गया था और जवाब देने का समय भी दिया गया था। निर्धारित अवधि में संतोषजनक जवाब नहीं मिलने के बाद प्रशासन ने बुलडोजर कार्रवाई की। वायरल तस्वीरों में चंद्रचूड़ सिंह भी मौके पर मौजूद दिखाई दिए। वह अधिकारियों और पुलिसकर्मियों से बातचीत करते नजर आए। रिपोर्ट्स के मुताबिक, उन्होंने कार्रवाई का विरोध नहीं किया और पूरा मामला शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। बताया जा रहा है कि यह अभियान केवल एक संपत्ति तक सीमित नहीं है। प्रशासन DLF फेज-1 से लेकर फेज-3 तक अवैध निर्माण और अतिक्रमण के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रहा है। चंद्रचूड़ सिंह 90 के दशक में माचिस, तेरे मेरे सपने और जोश जैसी फिल्मों से लोकप्रिय हुए थे और हाल के वर्षों में वेब सीरीज आर्या में भी नजर आए।