बॉलीवुड के मशहूर कोरियोग्राफर और नेशनल अवॉर्ड विजेता बॉस्को लेस्ली मार्टिस इन दिनों अस्पताल में भर्ती हैं। अपनी बेहतरीन कोरियोग्राफी और सुपरहिट गानों के लिए पहचाने जाने वाले बॉस्को पिछले एक सप्ताह से मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में डॉक्टरों की निगरानी में हैं। उनके अस्पताल में भर्ती होने की खबर सामने आने के बाद फैंस उनकी सेहत को लेकर चिंतित हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, लगातार व्यस्त शूटिंग शेड्यूल के बीच बॉस्को को अचानक सीने में जकड़न और बेचैनी महसूस हुई। शुरुआत में उन्होंने इसे सामान्य थकान समझा, लेकिन परेशानी बढ़ने पर डॉक्टरों से संपर्क किया। जांच के बाद डॉक्टरों ने एहतियात के तौर पर उन्हें 27 जून को तुरंत अस्पताल में भर्ती होने की सलाह दी। तभी से उनकी हालत पर लगातार नजर रखी जा रही है। इस बीच अस्पताल से सामने आई कुछ तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं। तस्वीरों में बॉस्को अस्पताल के बेड पर नजर आ रहे हैं, जिसके बाद उनके प्रशंसकों और फिल्म इंडस्ट्री के कई सितारों ने उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की है। राहत की बात यह है कि शुरुआती मेडिकल रिपोर्ट्स सामान्य आई हैं। हालांकि डॉक्टर कोई जोखिम नहीं लेना चाहते, इसलिए उन्हें अभी ऑब्जर्वेशन में रखा गया है। उम्मीद की जा रही है कि यदि उनकी सेहत में लगातार सुधार होता रहा तो अगले कुछ दिनों में उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिल सकती है।