तुलिप जोशी बॉलीवुड की उन अभिनेत्रियों में शामिल हैं, जिन्होंने अपने करियर की शुरुआत बेहद शानदार अंदाज में की थी। साल 2002 में उन्होंने यशराज फिल्म्स की फिल्म ‘मेरे यार की शादी है’ से बॉलीवुड डेब्यू किया था। फिल्म में वह उदय चोपड़ा और जिमी शेरगिल के साथ नजर आई थीं। पहली ही फिल्म में अपनी खूबसूरती और स्क्रीन प्रेजेंस से तुलिप ने दर्शकों का ध्यान खींच लिया था। इसके बाद तुलिप ने ‘दिल मांगे मोर’, ‘धोखा’ और ‘मातृभूमि’ जैसी फिल्मों में काम किया। उन्होंने तेलुगु, मलयालम, कन्नड़ और पंजाबी फिल्मों में भी अभिनय किया। टीवी पर वह ‘एयरलाइंस’ जैसे शो का हिस्सा बनीं, जिसमें उन्होंने पायलट का किरदार निभाया था। हालांकि, कई प्रोजेक्ट्स में काम करने के बावजूद उन्हें बॉलीवुड में वह बड़ा मुकाम नहीं मिल पाया, जिसकी उम्मीद की जा रही थी। एक्टिंग से दूरी बनाने के बाद तुलिप ने अपनी जिंदगी को एक अलग दिशा दी। उन्होंने अपने पति कैप्टन विनोद नायर के साथ मिलकर साल 2017 में ‘किमाया कंसल्टिंग’ नाम की कंपनी शुरू की। दोनों की शादी को करीब 21 साल हो चुके हैं। तुलिप सोशल मीडिया पर भी काफी एक्टिव रहती हैं और अक्सर फिटनेस, वर्कआउट और अपनी डेली लाइफ से जुड़ी तस्वीरें-वीडियो शेयर करती हैं। इसके अलावा वह वैदिक ज्योतिष से भी जुड़ी हुई हैं और रिश्तों, करियर और जिंदगी से जुड़े मामलों में ज्योतिषीय सलाह देती हैं। आज तुलिप फिल्मों से दूर रहकर बिजनेस और ज्योतिष के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बना रही हैं।