इस वक्त बिग बॉस 19 की बोल्ड, कॉन्फिडेंट और ग्लैमरस कंटेस्टेंट नेहल चुडासमा अपनी वायरल तस्वीरों को लेकर जबरदस्त चर्चा में हैं। लाल सुर्ख जोड़े में दुल्हन की तरह सजी-धजी नेहल की लेटेस्ट तस्वीरों ने सोशल मीडिया पर तहलका मचा दिया है। लाल रंग का खूबसूरत लहंगा, हाथों में मेहंदी और चूड़ा, बालों में गजरा और चेहरे पर दुल्हन वाली चमक—इन तस्वीरों को देखने के बाद फैंस के बीच उनकी शादी की चर्चाएं तेज हो गई हैं। 29 साल की नेहल चुडासमा ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर कुल 10 खूबसूरत तस्वीरें शेयर की हैं। किसी तस्वीर में वह कैमरे के सामने शरमाती हुई पोज दे रही हैं, तो किसी में अपनी मेहंदी और ब्राइडल लुक को फ्लॉन्ट करती नजर आ रही हैं। नेहल का यह अंदाज फैंस को खूब पसंद आ रहा है और यही वजह है कि उनकी तस्वीरें इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रही हैं।
हालांकि, इन सभी तस्वीरों में सबसे ज्यादा ध्यान चौथी तस्वीर ने खींचा है। इस फोटो में नेहल किसी शख्स का हाथ थामे नजर आ रही हैं। लाल जोड़े और मेहंदी लगे हाथों के साथ वह जिस व्यक्ति का हाथ पकड़े हुए हैं, वह ब्लैक सूट-बूट में दिखाई दे रहा है। दिलचस्प बात यह है कि तस्वीर में उस शख्स का चेहरा नजर नहीं आ रहा। बस फिर क्या था, इस एक तस्वीर ने सोशल मीडिया पर चर्चाओं का बाजार गर्म कर दिया। कई यूजर्स कयास लगा रहे हैं कि नेहल ने गुपचुप शादी कर ली है और यह शख्स उनके पति हैं। वहीं कुछ लोगों का मानना है कि यह किसी ब्राइडल शूट का हिस्सा भी हो सकता है। इन तस्वीरों को शेयर करते हुए नेहल ने कैप्शन में लिखा, "इस दिन की यादों में अभी भी खोई हुई हूं। ❤️♾️🧿" अब सच्चाई क्या है, यह तो खुद नेहल ही बता सकती हैं, लेकिन फिलहाल उनकी ये तस्वीरें सोशल मीडिया पर जमकर सुर्खियां बटोर रही हैं।