Bigg Boss 20 के वीकेंड का वार में इस बार कुछ ऐसा देखने को मिला, जिसने फैंस और कंटेस्टेंट्स को परेशान कर दिया। शो के प्रोमो में सलमान खान कंटेस्टेंट्स से बातचीत करते हुए अचानक दर्द में नजर आए। भाईजान ने पानी मांगा और सीने के नीचे दर्द महसूस होने के बाद खुद को संभालने की कोशिश की। कुछ देर बाद वह दोबारा कंटेस्टेंट्स से बात करते दिखे, लेकिन फिर उनकी तबीयत बिगड़ती नजर आई। सलमान ने डॉक्टर को बुलाने के लिए कहा और स्टेज पर बैठने के बाद धीरे-धीरे नीचे गिरते भी दिखाई दिए। यह प्रोमो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर फैंस उनकी सेहत को लेकर चिंता जताने लगे और उनके जल्द ठीक होने की दुआ करने लगे। हालांकि, सलमान खान ने खुद अपनी हेल्थ को लेकर अपडेट दिया। उन्होंने इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए बताया कि भगवान की कृपा से उनकी तबीयत बिल्कुल ठीक है। साथ ही, उन्होंने बिग बॉस के प्रोमो की एडिटिंग पर नाराजगी जताई। सलमान ने बताया कि प्रोमो को इस तरह एडिट नहीं किया जाना चाहिए था, क्योंकि इससे असल मुद्दा अलग नजर आया। उन्होंने काज़ी के उस व्यवहार का जिक्र किया, जिसमें उन्होंने एंटरटेनमेंट के लिए अपनी सेहत का इस्तेमाल किया था। बाद में सलमान ने मेकर्स की तरफ से माफी भी मांगी और बताया कि प्रोमो को ठीक कर दिया गया है।