रियलिटी शो 'बिग बॉस 20' में इन दिनों कंटेस्टेंट्स के गेम से ज्यादा मेकर्स के रवैये पर सवाल उठ रहे हैं। खासतौर पर स्काउट ओपी को लेकर सोशल मीडिया पर काफी बवाल मचा हुआ है। कभी लव गिल के साथ उनकी लड़ाई, तो कभी गुस्से में सिर मुंडवाने की हरकत ने खूब सुर्खियां बटोरीं। अब घर के अंदर बेटे की हालत देखकर स्काउट की मां भी काफी परेशान हैं। हाल ही में उन्होंने एक इमोशनल ऑडियो नोट शेयर कर अपना दर्द बयां किया और शो के मेकर्स पर भी सवाल उठाए। दरअसल, शुक्रवार को स्काउट की टीम ने उनकी मां का एक वॉयस नोट सोशल मीडिया पर शेयर किया। इसमें उनकी मां ने कहा कि दर्शकों को किसी भी कंटेस्टेंट के बारे में अधूरी जानकारी के आधार पर राय नहीं बनानी चाहिए। पूरा एपिसोड देखने के बाद ही किसी के व्यवहार को समझना चाहिए। उन्होंने पुराने एक मामले का जिक्र करते हुए बताया कि कैसे अधूरे प्रोमो से गलतफहमी पैदा हुई थी और सलमान खान को खुद सामने आकर सफाई देनी पड़ी थी। मां की चिंता है कि कहीं उनके बेटे को भी गलत तरीके से तो नहीं दिखाया जा रहा। वहीं, इस विवाद के बीच वीकेंड का वार की शूटिंग टलने से भी चर्चाएं तेज हो गई हैं। शुक्रवार को होने वाली शूटिंग शनिवार के लिए री-शेड्यूल कर दी गई। कुछ रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि स्काउट की मां का ऑडियो सामने आने के बाद सलमान खान नाराज हैं और शो के प्रोमो पर नजर रख रहे हैं। हालांकि, भाईजान की नाराजगी और मेकर्स को फटकार लगाने की खबरों की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।