बिग बॉस 20 के वीकेंड का वार में इस बार सलमान खान का गुस्सा सातवें आसमान पर नजर आया। भाईजान ने जहां घरवालों को दूसरे वाइल्ड कार्ड कंटेस्टेंट से मिलवाया, वहीं यंग और स्काउट की जमकर क्लास भी लगाई। सलमान ने दोनों को उनके बड़े-बड़े दावों की याद दिलाते हुए काजी के साथ उनके बर्ताव पर सवाल उठाए। दरअसल, स्काउट ने काजी को जिस तरह खाना दिया, उसे देखकर सलमान भड़क गए। उन्होंने स्काउट को फटकार लगाते हुए कहा कि किसी को खाना देना सिर्फ फॉर्मेलिटी नहीं, बल्कि उसकी इज्जत और जरूरत का ख्याल रखना भी जरूरी है। इसी दौरान सलमान ने जेल में रहने का अपना अनुभव साझा किया और कहा कि वहां भी मग में अच्छे से खाना दिया जाता है। उन्होंने स्काउट के तरीके पर नाराजगी जताते हुए कहा कि आपने तो जैसे खाना दिया, वैसे कुत्ते को भी नहीं देते। वहीं, अपनी तबीयत और बीमारी का जिक्र करते हुए काजी भी भावुक हो गए और फूट-फूटकर रोने लगे। इस पर सलमान ने घरवालों को समझाया कि किसी की सेहत को नजरअंदाज करना या उसकी कमजोरी का मजाक बनाना गलत है। उन्होंने यंग और स्काउट को भी काजी के साथ अपने व्यवहार पर सोचने की नसीहत दी। सलमान की बातों से साफ हो गया कि गेम में जीतने की कोशिश अपनी जगह है, लेकिन इंसानियत और दूसरों की इज्जत से समझौता नहीं किया जा सकता।