'बिग बॉस 20' के वीकेंड का वार में इस बार रोहित शेट्टी के सामने लव गिल, स्काउट ओपी और काशवी हीरानंदानी के बीच जमकर बहस देखने को मिली। मामला गेम से आगे बढ़कर रिश्तों और भावनाओं तक पहुंच गया। काशवी ने स्काउट से नाराजगी जाहिर करते हुए आरोप लगाया कि लव ने उन्हें भटका दिया और फंसा लिया। इसके बाद सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई और लव के कैरेक्टर को लेकर भी सवाल उठने लगे। वहीं, इस पूरे विवाद के बीच लव की टीम उनके सपोर्ट में उतर आई है। टीम ने सोशल मीडिया पर एक लंबा नोट शेयर कर अपना पक्ष रखा और लव के साथ-साथ उनके परिवार की तकलीफ भी बयां की। बयान में कहा गया कि नेशनल टेलीविजन पर लव को अकेले और बेबस खड़े देखना उनके परिवार के लिए बेहद दर्दनाक था। एक मां के लिए अपनी बेटी को पूरी दुनिया के सामने सवालों के घेरे में देखना आसान नहीं है। टीम ने सोशल मीडिया पर भावनाओं को लाइक्स और व्यूज बटोरने का जरिया बनाने पर भी नाराजगी जताई। टीम का कहना है कि लव ने शुरुआत से ही स्काउट को भाई बताया और अपनी सीमाएं स्पष्ट रखीं। ऐसे में किसी रिश्ते को लेकर शिकायत होने पर लव के कैरेक्टर पर सवाल उठाना कितना सही है? अब यह विवाद सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।