बिग बॉस 20 के घर में गेम शुरू होते ही बड़ा ट्विस्ट देखने को मिल गया है। शो को शुरू हुए अभी दो दिन भी पूरे नहीं हुए थे कि घरवालों के सामने नॉमिनेशन की तलवार लटक गई। कैप्टेंसी टास्क के दौरान कंटेस्टेंट्स के बीच जमकर बहस और टकराव देखने को मिला। टास्क के दौरान काजी और यंग के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि मामला गाली-गलौज तक पहुंच गया। वहीं माही, रिती, लव, उदिति, मैरी और रोहैद के टास्क से बाहर होने के बाद काजी के सामने यंग, गुल्लू और आसिफ कैप्टेंसी के दावेदार बने। घर में आम्रपाली दुबे और अरिश्फा खान के बीच भी ‘बच्ची’ कहे जाने को लेकर बहस हुई। अरिश्फा ने इस बात पर नाराजगी जताई। हालांकि, अगले दिन घर का माहौल कुछ हल्का नजर आया और कंटेस्टेंट्स डांस-मस्ती करते दिखे। लेकिन ये खुशी ज्यादा देर नहीं चली। बिग बॉस ने सीजन के पहले नॉमिनेशन का ऐलान कर दिया। घरवालों ने एक-दूसरे को नॉमिनेट किया और आखिरकार चार नाम सामने आए। लव गिल, अरिश्फा खान, कनिका मान और उदिति इस हफ्ते बेघर होने के लिए नॉमिनेट हो गए हैं। अब देखना होगा कि इनमें से किस कंटेस्टेंट का बिग बॉस 20 का सफर पहले ही हफ्ते खत्म होता है।